भरावन। अतरौली थाना क्षेत्र अंतर्गत शांतिखेड़ा महमदपुर संपर्क मार्ग पर हिस्ट्रीशीटर का शव संदिग्ध हालात में पड़ा मिला।
पास ही उसकी बाइक भी खड़ी थी। शव पर जले के निशान पड़े हुए थे। पुलिस ने बिजली गिरने या करंट की चपेट में आकर मौत होने की आशंका जताई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
अतरौली थाना क्षेत्र के शांतीखेड़ा निवासी शराफत उर्फ भूरा (27) अतरौली थाने का हिस्ट्रीशीटर था। ग्रामीणों के मुताबिक शनिवार को दिन में लगभग 11 बजे वह बाइक से घर से निकला था। इसके बाद दोपहर में साढ़े 12 बजे महमदपुर संपर्क मार्ग पर उसका शव पड़ा मिला। शव पड़े होने की जानकारी ग्रामीणों ने मृतक के भाई आजाद को दी। आजाद की सूचना पर अतरौली थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जांच की। शव के पास ही भूरा की बाइक खड़ी थी। खड़ंजे पर लगे बिजली के पोल के पास उसका शव पड़ा हुआ था।
प्रभारी निरीक्षक दिलेश सिंह ने बताया कि बिजली गिरने या करंट लगने से मौत होने की आशंका है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मृतक भूरा अतरौली थाने का हिस्ट्रीशीटर था। उसका भाई आजाद भी हिस्ट्रीशीटर है।