बेनीगंज। बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के जुगराजपुर गांव से बीते रविवार को लापता बुजुर्ग का शव सीतापुर बालामऊ रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। स्थानीय लोगों ने शव की पहचान की और पुलिस को जानकारी दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने परिजनों के आने पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
बेनीगंज कोतवाली क्षेत्र के जुगराजपुर निवासी कृष्ण पाल सिंह (80) गांव में ही रहकर खेती संभालते थे। बीती 11 अगस्त को वह संदिग्ध हालात में लापता हो गए थे। उनके अधिवक्ता पुत्र भानु प्रताप सिंह ने भाइयों के साथ मिलकर उनकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। इस पर 12 अगस्त काे बेनीगंज कोतवाली में गुमशुदगी का मामला दर्ज किया गया।
शनिवार सुबह बालामऊ-सीतापुर रेलवे ट्रैक पर बेनीगंज रेलवे क्रॉसिंग के पास कृष्ण पाल सिंह का शव पड़ा मिला। शव मिलने की जानकारी पर मौके पर भीड़ लग गई। इस भीड़ में कुछ लोग जुगराजपुर के भी थे, जिन्होंने कृष्णपाल को पहचान लिया और परिजनों को सूचना दी। कोतवाल दिनेश यादव ने बताया कि परिजनों ने अभी कोई तहरीर नहीं दी है।