हरदोई। बुखार तेजी से कहर बरपा रहा है। क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग बुखार की चपेट में रहे हैं। पिछले 24 घंटे के अंदर बुखार से चार लोगों की मौत हो गई। लगातार हो रही मौतों के चलते लोगों में बुखार को लेकर डर बढ़ने लगा है।
कस्बे के मोहल्ला बड़ा दरवाजा निवासी खालिद (50) बांसा स्थित प्राथमिक स्कूल में प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। कुछ दिनों से उनको बुखार आ रहा था। चार पहले ही उन्हें हरदोई स्थित एल-2 अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बुधवार की सुबह इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। कस्बा के मोहल्ला बड़ा चौराहा निवासी पालिका चेयरमैन अंकित जायसवाल के ताऊ सीताराम जायसवाल (70) दस दिन से बुखार से पीड़ित थे। कानपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। मंगलवार की रात उनकी मौत हो गई। उधर, कस्बे के मोहल्ला गंगारामपुर निवासी सुरेश पांडेय (75) की मंगलवार को बुखार आने पर तबियत खराब हो गई। देर रात उनकी मौत हो गई। इसके अलावा देवमनपुर गांव निवासी शिवनाथ दीक्षित (60) भी बुखार से पीड़ित थे। परिजन तीन दिन पहले उन्हें इलाज के लिए हरदोई ले गए थे। बुधवार को उनकी मौत हो गई। इसके साथ ही कस्बा समेत क्षेत्र के अन्य कई गांवों में भी बड़ी संख्या में लोग बुखार से पीड़ित बताए जा रहे हैं।