हरदोई। आईआईटी जेईई एडवांस्ड में दो होनहारों ने अपना नाम दर्ज कर जिले का नाम रोशन कर दिया। सांडी रोड स्थित श्रवण देवी मंदिर के निकट रहने वाले लेखपाल अशोक कुमार शुक्ला के पुत्र हर्षद शुक्ल ने 22 मई को हुई परीक्षा में 1649 रैंक पाई है।
उनकी उपलब्धि पर लेखपाल संघ पदाधिकारियों ने भी खुशी जताई है। इसके अलावा मोहल्ला सुभाष नगर निवासी शिक्षक ज्ञानेंद्र त्रिवेदी के पुत्र विशू त्रिवेदी ने 3808 रैंक पाकर नाम रोशन किया है। दोनों ही छात्रों ने बाहर रहकर प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी की थी।
मां सुमन ने बताया कि बेटा विशू कोटा में इंजीनियरिंग की कोचिंग कर रहा है। वहीं, लेखपाल अशोक कुमार शुक्ला ने बताया कि आंखों में खुशी के आंसू छलक आए हैं। एक पिता के लिए बेटे की तरक्की से ज्यादा और कुछ नहीं।