घटनास्थल पर लगी ग्रामीणों की भीड़
- फोटो : अमर उजाला
सांडी थाना क्षेत्र के कसहा मजरा नोनखारा में तरबूज तोड़ने गए युवक का पैर फिसलने से गर्रा नदी में डूब गया। रविवार दोपहर बाद हुई घटना में लगभग दो घंटे बाद गोताखोरों की मदद से शव निकाला जा सका। कसहा निवासी इरफान (25) दिल्ली की एक प्राइवेट फैक्टरी में कपड़ों की सिलाई का काम करते थे। भाई मुकीम ने बताया कि ईद पर इरफान घर आए थे और तब से यहीं थे। रविवार दोपहर बाद इरफान गर्रा नदी के पलेज में तरबूज तोड़ने गए थे।
इस दौरान पैर फिसल जाने से नदी में गिर गए और पानी में डूब गए। आसपास के खेतों में मौजूद लोगों ने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। गोताखोरों की मदद से लगभग दो घंटे बाद शव निकाला जा सका। मृतक तीन भाइयों में सबसे छोटे और अविवाहित थे। प्रभारी निरीक्षक बसंत राम ने बताया कि घटना संज्ञान में है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तरबूज तोड़ते समय गर्रा नदी में गिरकर डूब जाने से युवक की मौत हुई है।