हरदोई जिले में कछौना कोतवाली क्षेत्र के ग्राम बेरुआ में पुत्री के साथ शौच के लिए गई महिला की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घर से कुछ दूर खेत में बने में हाते में उसका खून से लथपथ शव मिला। मृतका के ससुर की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
ग्राम बेरुआ निवासी आबिद की पत्नी तबस्सुम (28) रविवार देर रात पुत्री आसिफा (6) के साथ मकान के पास खेत में शौच के लिए गई थी। काफी देर तक जब वह घर वापस नहीं आई, तो देवर तारिक उसे तलाशने गया। इसी दौरान तारिक को भतीजी आसिफा मिली।
उसने बताया कि मां को कुछ हो गया है। इस पर तारिक व अन्य परिजन मौके पर पहुंचे तो हाते में तबस्सुम का शव पड़ा मिला। गला रेतकर उसकी हत्या की गई थी। परिजन शव लेकर घर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतका का पति आबिद लुधियाना में मजदूरी करता है। कुछ दिन पहले वह घर आया था और शनिवार रात ही वापस गया है। कछौना कोतवाल सुनील कुमार सिंह ने बताया कि मृतका के ससुर सज्जाद हुसैन की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।