हरदोई में चार परिवारों ने सोमवार को अपने अपने मकानों के बाहर गांव के दबंगों से त्रस्त होकर मकान बेचने का पोस्टर लगा दिए। घटना से पुलिस में हड़कंप मच गया।
हरदोई के हरपालपुर में उत्पीड़न से त्रस्त अनुसूचित जाति के चार परिवारों ने गांव से पलायन करने के उद्देश्य से मकानों के बाहर मकान की बिक्री के लिए पोस्टर चिपका दिए। कुछ लोगों ने अपने घर के बाहर रंग से भी दबंगों से त्रस्त होकर मकान बेचने की बात लिखवा दी।
विज्ञापन
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम चतर्खा निवासी रामविलास, उसके भाई कौशल, परिवार के ही पिंटू और संजू ने सोमवार को अपने अपने मकानों के बाहर गांव के दबंगों से त्रस्त होकर मकान बेचने का पोस्टर लगा दिया।
राम विलास की पत्नी राजेश्वरी के मुताबिक 14 अक्टूबर को गांव के ही कुछ दबंग लोगों ने उसे, उसके पति राम विलास और ससुर राम भजन को गाली गलौज कर जानमाल की धमकी देते हुए लाठी डंडों व सरिया से मारपीट कर घायल कर दिया। आरोप है कि पुलिस ने इस मामले में कोई कार्यवाई नहीं की और इसी के चलते मारपीट करने वालों के हौसले बुलंद हो गए।
विज्ञापन
अब आरोपी चारों परिवारो के लोगों को जानमाल की धमकी दे रहे हैं। पुलिस से मदद न मिलने के कारण चारों ने अपने मकान बेचकर पलायन करने का फैसला किया है। पूरे मामले में प्रभारी निरीक्षक राघवन कुमार सिंह ने घटना की जानकारी होने से ही इनकार कर दिया।