हरदोई। बावन कस्बे में सोमवार देर रात खेतों में तेंदुए देखे जाने की खबर फैलते ही आसपास के ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंच गई, लेकिन तेंदुआ देखे जाने की पुष्टि नहीं हो सकी।
कुछ दिनों पहले सांडी नगर के आबादी क्षेत्र में तेंदुए घुसने के बाद से ही तेंदुए के आसपास देखे जाने की चर्चाएं जारी हैं। इधर, सोमवार की रात कस्बे में व आसपास तेंदुआ देखे जाने की अफवाह ने जोर पकड़ लिया। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग कस्बे मेें एक मजार के पास एकत्र हो गए और टार्च आदि की मदद से आस पास तलाश किया, लेकिन कोई तेंदुआ देखे जाने के कोई निशान नहीं मिल सके। इस बीच सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गई और वन विभाग के अधिकारियों को सूचित किया। इसके बाद से काफी देर तक खोजबीन की जाती रही, लेकिन तेंदुए के देखे जाने की पुष्टि नहीं हो सकी।