हरदोई। ब्लाक प्रमुख चुनाव के मद्देनजर प्रत्याशियों के चयन को लेकर भाजपा कोर कमेटी की बैठक सोमवार को पार्टी के गंगानगर स्थित जिला कार्यालय में हुई। बैठक में सामूहिक चर्चा के बाद प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश पाल, जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा और पूर्व सांसद नरेश अग्रवाल ने बंद कमरे में संबंधित क्षेत्रों के विधायकों और सांसदों की राय अलग-अलग जानने के बाद चारों महामंत्रियों के साथ भी बातचीत की। सूत्रों की मानें तो 72 नामों पर चर्चा हुई है। जिला कमेटी की ओर से दावेदारों का पैनल क्षेत्रीय कार्यालय को भेज दिया गया है।
विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक बैठक में 19 विकास खंडों में कुल 72 नामों पर चर्चा की गई। सबसे ज्यादा दावेदार बिलग्राम मल्लावां विधानसभा क्षेत्र के बिलग्राम विकास खंड में सामने आए। इससे इतर भरखनी, पिहानी, कछौना, संडीला आदि ब्लाकों में दो-दो नामों पर ही चर्चा हुई। पूरी कोर कमेटी की चर्चा के बाद प्रदेश उपाध्यक्ष प्रकाश पाल, जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा और ब्लाक प्रमुख चुनाव को लेकर जिले के प्रभारी बनाए गए नरेश अग्रवाल ने एक-एक विधायक से अलग-अलग बातचीत की।
मिश्रिख सांसद अशोक रावत और सदर सांसद जय प्रकाश से भी उनके निर्वाचिन क्षेत्रों में आने वाले विकास खंडों में दावेदारों के बारे में राय ली गई। राज्यसभा सदस्य डॉ. अशोक वाजपेयी जनपद से बाहर होने के कारण बैठक में नहीं पहुंचे, लेकिन उनकी राय भी मोबाइल पर ली गई। सभी जनप्रतिनिधियों से राय लिए जाने के बाद भाजपा के चारों जिला महामंत्रियों अजीत सिंह बब्बन, अनुराग मिश्रा, ओम वर्मा और सतेंद्र राजपूत से भी सभी विकास खंडों को लेकर राय ली गई। इस दौरान भाजपा के निवर्तमान जिलाध्यक्ष श्रीकृष्ण शास्त्री और पंचायत चुनाव के जिला संयोजक राम बहादुर सिंह भी मौजूद रहे। भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा ने बताया कि हर विकास खंड में प्रमुख दावेदारों का पैनल बनाकर क्षेत्रीय कार्यालय को भेजा गया है।