हरदोई के मल्लावां सीएचसी में भर्ती मरीज से जानकारी लेते औद्योगिक विकास मंत्री सतीश महाना साथ मे?
- फोटो : HARDOI
मल्लावां (हरदोई)। प्रदेश के औद्योगिक विकास मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री सतीश महाना ने कहा कि वैक्सीन को लेकर भ्रम फैलाने वालों ने सामाजिक पाप किया है। उन्होंने सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को टीकाकरण को लेकर भ्रम फैलाने का दोषी बताया। साथ ही यह भी कहा कि अखिलेश सिर्फ मौत के आंकड़ों पर ही राजनीति करते हैं। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर से निपटने के इंतजाम जानने के अलावा कई अन्य कार्यक्रमों में शामिल होने आए सतीश महाना बुधवार को मल्लावां में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि टीकाकरण में पिछले कुछ समय में बहुत तेजी आई है। शुरुआत में टीकाकरण को लेकर भ्रम फैलाया गया। अखिलेश यादव ने कह दिया कि वह वैक्सीन नहीं लगवाएंगे, क्योंकि यह भाजपा की वैक्सीन है, लेकिन जब उनके पिता जी को वैक्सीन लगी तो कहने लगे कि सरकार की वैक्सीन है।
महाना ने कहा कि मौतें हमेशा दुखद होती हैं। सिर्फ इतने फीसदी मौतें हुईं कहना उन्हें व्यक्तिगत रूप से ठीक नहीं लगता, क्योंकि जिसके करीबी की मौत होती है उसका 100 फीसदी नुकसान होता है। उन्होंने कहा कि कोरोना को नियंत्रित करने के लिए अच्छे प्रयास किए गए हैं। तीसरी लहर आने से पहले ही सीएचसी से लेकर पीएचसी तक पर ऑक्सीजन, दवाओं और उपकरणों का पर्याप्त इंतजाम कराने की कवायद चल रही है। इस दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष सौरभ मिश्रा, मिश्रिख के सांसद अशोक रावत व क्षेत्रीय विधायक आशीष सिंह आशू मौजूद रहे।