हरदोई। मल्लावां कोतवाली क्षेत्र के संडीला मार्ग पर बाजार से सब्जी लेकर घर लौट रहे वृद्ध की मोपेड अनियंत्रित होकर खड्ड में जा गिरी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे सीएचसी में भर्ती कराया। जहां से डॉक्टरों ने उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर जिला अस्पताल जा रहे थे लेकिन रास्ते में उसने दम तोड़ दिया।
ग्राम खेरवा निवासी नथुन्नी (70) खेती करता था। रविवार की देर शाम वह नयागांव बाजार से सब्जी लेकर मोपेड से घर लौट रहा था। रास्ते में बरुआ बाग के सामने अचानक उसकी मोपेड अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड्ड में जा गिरी।
हादसे के समय वह हेलमेट नहीं लगाए था, इसलिए सिर पर गंभीर चोटें आ गईं। मृतक के दो बेटे हैं। शव लेकर वापस घर पहुंचे परिजनों ने थाने में सूचना दी। सोमवार को पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। कोतवाल सुनील सिंह नेे बताया कि तेज रफ्तार होने के कारण हादसा हुआ है।