हरदोई/प्रताप नगर। टड़ियावां से शादी समारोह से लौट रहे ग्रामीणों की पिकअप की गुरुवार दोपहर सीतापुर-हरदोई मार्ग पर कालाआम बगिया के पास सामने से आ रहे ट्रैक्टर-ट्राली से भिड़त हो गई।
पिकअप सवार तीन लोगों की मौत हो गई, आठ लोग घायल हो गए। घायलों को जिला अस्पताल भेजा गया है, जिसमें एक को लखनऊ रेफर कर दिया गया। हादसे में टूटी ट्राली को छोड़ चालक ट्रैक्टर लेकर चालक भाग गया।
गुरुवार की दोपहर हुए हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और ग्रामीणों की मदद से पिकअप में फंसे चालक इजहार (35) निवासी ग्राम भौरियाखेड़ा, बेनीगंज, कल्लू (50), उसकी पत्नी सोना (45) निवासी ग्राम अकोहरा बेनीगंज, नीतू (32), उसकी बेटी जूली (16), बेटा नितिन (10) व सोहित (12), एवं सोनी उर्फ किरन (32), अंबर पाल (45) व उसकी बेटी गुड्ड़ी (15) निवासीगण ग्राम इकरी बेनीगंज समेत राजवती (50) निवासी राउतपुर बेनीगंज को बाहर निकाला।
घायलों ने बताया कि वे सभी टड़ियावां के ग्राम इटौली निवासी रिश्तेदार के यहां आयोजित शादी समारोह से लौट रहे थे। पुलिस ने घायलों को जिला अस्पताल भेजा, यहां चिकित्सकों ने इजहार, कल्लू व सोनी को मृत घोषित कर दिया। वहीं गुड्डी को लखनऊ रेफर कर दिया है।