टोडरपुर। सांसद जी आप आने वाले थे, तो आज अस्पताल खुल गया है नहीं तो काफी दिनों से यहां ताला लगा हुआ था। यह बात राज्यसभा सांसद डा.अशोक वाजपेयी को बताते हुए ग्रामीणों ने अमर उजाला में 13 मई को प्रकाशित खबर भी दिखाई। इसके बाद सांसद ने सीएमओ को अस्पताल की व्यवस्था में सुधार लाने के निर्देश दिए।
सेवा ही संगठन कार्यक्रम के तहत रविवार को टोडरपुर ब्लाक के गांव फत्तेपुर गयंद पहुंचे भाजपा राज्यसभा सांसद डा.अशोक वाजपेयी के सामने गांव में स्वास्थ्य सेवाओं की पोल खुल गई।
रविवार को राज्यसभा सांसद के गांव पहुंचने की जानकारी पर स्वास्थ्य महकमा हरकत में आ गया। रविवार सुबह ही केंद्र खोलकर उसकी साफ सफाई की गई।
सीएमओ डॉ.सूर्यमणि त्रिपाठी, टोडरपुर सीएचसी के अधीक्षक डॉ. विपिन बहादुर, डॉ.अपूर्व अवस्थी आदि सुबह से ही व्यवस्थाएं सुधारने में लग गए। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर का निरीक्षण करने पर डा.अशोक वाजपेयी ने परिसर में खड़ी घास की साफ सफाई के निर्देश दिए।
यहां ग्रामीणों ने सांसद को बताया कि कोरोना की दवा किट उन लोगों ने अपने स्तर से ही ली है। पीएचसी बंद रहने के कारण दवा वितरित न होने की बात भी ग्रामीणों ने कही।
इस दौरान शाहाबाद के पूर्व ब्लाक प्रमुख रामनाथ त्रिपाठी, टोडरपुर के निवर्तमान ब्लाक प्रमुख रामबाबू त्रिवेदी, टोडरपुर के प्रधान श्यामू त्रिवेदी, पारूल दीक्षित, अभिषेक त्रिपाठी, भूरे त्रिवेदी, आशुतोष पांडेय आदि मौजूद रहे।