हरदोई। हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र मेें टेंपो के डंपर भिड़ने के बाद परिवहन विभाग की व्यवस्था की पोल खुल गई है। हादसे वाले टेंपो की फिटनेस चार वर्षों पहले समाप्त हो गई थी। वह टैक्स और फिटनेस के सड़क पर फर्राटा भर रहा था। इससे विभाग अंजान बना रहा।
जिले के ग्रामीण मार्गों पर बिना फिटनेस के टेंपो व अन्य वाहन सड़कों पर फर्राटा भर रहे हैं। यह अनफिट टेंपो क्षमता से अधिक सवारियां भरकर लोगों की जिंदगियों से खिलवाड़ कर रहे हैं। इससे आए दिन हादसों में लोगों की जान जा रहीं हैैं।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र में टेंपो के डंपर में भिड़ने से मां-बेटा व बेटी समेत तीन लोगों की जान चली गई। इस हादसे ने परिवहन विभाग के चेकिंग अभियान की पोल खोल दी है। सूत्रों के मुुताबिक जिस टेंपो से हादसा हुआ है, उसमें क्षमता से अधिक सवारियां भरी थी।
इतना ही नहीं वर्ष 2018 से टेंपो का फिटनेस नहीं कराया गया था। इसके साथ ही टेंपो का टैक्स भी नहीं जमा था। हादसे में तीन मौतों के बाद भी शायद परिवहन विभाग की आंख नहीं खुली है।
हाईवे किनारे लकड़ियों का ढेर बना हादसे का कारण
हाईवे के किनारे धर्मकांटा के पास यूके लिप्टस का पेड़ काटकर लकड़ियों का ढेर लगाया गया था। हाईवे के दोनों किनारों पर लकड़ियों के ढेर से फैला अतिक्रमण भी इस हादसे का कारण बना गया। हादसे केे बाद सवायजपुर एसडीएम ने इसका संज्ञान लिया। उन्होंने कहा कि अगर हाईवे के किनारे लकड़ियों का ढेर न लगा होता तो शायद हादसा नहीं होता। उन्होंने अतिक्रमण हटवाने व डग्गामार वाहनों के खिलाफ एआरटीओ से कार्रवाई करने की बात कही।
उजड़ गया परिवार, कैसे गुजरेगी जिंदगी
हादसे में पत्नी और बेटे को खोने के बाद मुंशीलाल का बुरा हाल है। अस्पताल में मुंशीलाल पत्नी और बेटे के शवों के लिपटकर बिलख रहा था। उनका कहना था कि परिवार ही उजड़ गया है, किसके सहारे वह अपनी आधी-अधूरी जिंदगी गुजारेगा। हादसे में घायल उसका दूसरा बेटा प्रशांत भी जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ रहा है। वही अब उसका मात्र सहारा बचा है।
भतीजी की शादी की खुशियां मातम मेें बदलीं
हादसे में जान गंवाने वाले बाइक सवार सुखदेव की भतीजी साधना की बुधवार की शाम सीतापुर से बरात आनी है। इससे पहले सुबह हादसे में सुखदेव की मौत से परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। मृतक की पत्नी रिंकी गर्भवती है। पति की मौत के बाद वह बदहवास है।
हादसेे में घायल महिला के उतार लिए जेवरात
हादसे का शिकार हरपालपुर निवासी वीना ने बताया कि वह फर्रुखाबाद से बहन के बेटे की शादी से घर लौट रहीं थीं। हादसे के समय वह झुमकी, सोने की चेन पहने थी। आरोप है कि हादसे में घायल होने के बाद किसी ने उसके कान से एक झुमकी, चेन उतार ली। पीड़िता ने रो रोकर पुलिस को आपबीती सुनाई।
वर्जन
टेंपो का परमिट व फिटनेस नहीं होने की जानकारी नहीं है। जांच कराकर आगे की कार्रवाई की जाएगी। - दयाशंकर, एआरटीओ
फोटो-23- मृतक सचिन की फाइल फोटो- फोटो : HARDOI