हरपालपुर। कोतवाली क्षेत्र के जिलगांव के पास कटरा-बिल्हौर मार्ग पर बुधवार की शाम अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार युवक की गर्दन कटने से मौत हो गई। जबकि उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा।
फर्रुखाबाद के मेरापुर थाना क्षेत्र के रमापुर कदीर गांव निवासी धर्मेंद्र सिंह (42 ) बुधवार की शाम बाइक से अपने चचेरे भाई अखिलेश (40) के साथ अरवल थाना क्षेत्र के शेखपुर गांव में चचेरे साले की बरात में शामिल होने जा रहा था।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र में कटरा-बिल्हौर मार्ग पर जिलगांव के पास सामने से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में धर्मेंद्र की गर्दन कटने से मौके पर मौत हो गई, उसका चचेरा भाई गंभीर रूप से घायल हो गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक बाइक चला रहा धर्मेंद्र हेलमेट नहीं लगाए था। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा।
वहीं मृतक की जेब में मिले मोबाइल से हादसे की सूचना उसके परिजनों को दी। मृतक के परिवार में पत्नी आरती के अलावा दो पुत्र और एक पुत्री है। कोतवाल उमांकात दीपक ने बताया कि परिजनों की तरफ से तहरीर मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।