फोटो-26- सीसीटीवी में कैद हुई टप्पेबाज महिलाओं की फोटो
- फोटो : HARDOI
हरपालपुर। अरवल थाना क्षेत्र के चौसार गांव में बुधवार को एक सराफ दुकान में दो महिलाओं ने आठ ग्राम सोने के जेवर पार कर दिए। जब तक दुकानदार कुछ समझता महिलाएं फरार हो गईं। सूचना के एक घंटे बाद भी पुलिस के न पहुंचने पर पीड़ित ने सीओ को सूचना दी।
जोधनपुरवा गांव निवासी रामानंद तिवारी की चौसार में सराफ की दुकान है। बुधवार को वह दुकान पर बैठा था। इस दौरान दो महिलाएं आईं और जेवर खरीदने की बात कही। रामानंद के मुताबिक उसने महिलाओं को ट्रे में रखकर सोने के आभूषण दिखाए।
महिलाओं ने ट्रे से आठ ग्राम वजन के 2 जोड़ी सोने के टॉप्स व एक सोने का पेंडल पार कर दिया। कुछ देर बाद जेवर का मिलान करने पर टॉप्स व पैंडल कम मिले।
उसने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे देखे। फुटेज में जेवर उठाते महिलाओं की तस्वीर कैद मिली। पीड़ित ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना के एक घंटे तक पुलिस के न पहुंचने पर पीड़ित ने घटना की जानकारी सीओ को दी। सीओ के निर्देश पर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। एसओ छोटेलाल ने बताया कि महिलाओं की तलाश की जा रही है।