हरदोई। शुक्रवार को ट्रैक्टर की टक्कर से स्कूटी सवार घायल दंपती गंभीर रूप से घायल हो गए और तीन वर्षीय बेटे की मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग गया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली शहर के पिहानी चुंगी निवासी रामजी गुप्ता (40) शुक्रवार को स्कूटी से पत्नी नीलम और तीन साल के बेटे आशू के साथ पिहानी से लौट रहे थे।
हरियावां थाना क्षेत्र के बिल्हारी गांव स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास सामने से आए ट्रैक्टर ने उनकी स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में रामजी, उनकी पत्नी नीलम व बेटा आशू घायल गए।
घटना के बाद ट्रैक्टर चालक फरार हो गया। 112 पुलिस ने तीनों को एंबुलेंस से सीएचसी भेजा। जहां डॉक्टरों ने आशू को मृत घोषित कर दिया।
सीएचसी से रामजी व नीलम को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हरियावां कोतवाल कौशल किशोर यादव ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। ट्रैक्टर को कब्जे में लिया गया है।