हरदोई। मीटरों में गड़बड़ी करके बिजली चोरी और बिल का बकाया करना जल्द ही बीते जमाने की बात होगी। बिजली चोरी और उधारी पर ब्रेक लगाने के लिए विभाग स्मार्ट मीटर लगवाने की तैयारी में है। पहले चरण में हरदोई शहर समेत जनपद के सभी नगरीय निकायों के उपभोक्ताओं के घरों में यह स्मार्ट मीटर लगाए जाएंगे। इसको लेकर विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
जिले का दो साल पहले स्मार्ट मीटर सिस्टम लागू करने के लिए चयन हुआ था। स्मार्ट मीटर सिस्टम के तहत प्रथम चरण में जिले के नगरीय क्षेत्रों में मीटर लगाए जाने थे, मगर योजना शुरू नहीं हो सकी।
दो माह पहले खाली पड़ी अधीक्षण अभियंता की कुर्सी पर नए अफसर के रूप में सुरेश कुमार ने पदभार ग्रहण किया। इसके बाद विभाग के कामकाज को रफ्तार मिली। स्मार्ट मीटर सिस्टम में बिल रीडिंग से लेकर बकाया तक का झंझट नहीं रहेगा।
आटोमेटिक सिस्टम के चलते स्मार्ट मीटर सिम के जरिये सारा डाटा विद्युत उपकेंद्र कार्यालयों के बिलिंग सर्वर को भेजेंगे। इसके चलते बिलिंग से लेकर बिल जमा नहीं होने पर कनेक्शन काटने का काम आटोमेटिक होगा।
हरदोई में 49 हजार उपभोक्ता
हम बात हरदोई शहर की करें, तो यहां 49 हजार बिजली कनेक्शनधारक हैं। इसमें 36 हजार घरेलू व 13 हजार कामर्शियल हैं। इनमें 55 सौ उपभोक्ताओं पर करीब साढ़े सात करोड़ रुपये का बिल बकाया है।
चुनावों के चलते लंबे समय से बिल वसूली को लेकर ढीले रहे विभाग ने नया वित्तीय वर्ष शुरू होते ही तेजी पकड़ ली है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि चुनावी चर्चाओं में छाए बिजली बिल माफी की अटकलों के कारण भी करीब 25 फीसदी बिलों की रिकवरी कम हुई है। अभी भी कई लोगों को लगता है कि शायद बिल जमा नहीं करना पड़ेेगा, इसलिए विभाग तेजी के साथ रिकवरी के लिए अभियान चला रहा है।
चार दिन में काटे 126 कनेक्शन
बिजली विभाग ने बकायेदारी पर पिछले चार दिन में शहर में 126 कनेक्शन काटे हैं। जबकि 97 उपभोक्ताओं से करीब 5 लाख रुपये का बकाया बिल जमा कराया गया है। अभी 5500 उपभोक्ताओं पर 7.5 करोड़ रुपये का बिल बकाया है। इसकी वसूली के लिए विभाग अभियान चल रहा है। शहर के अलग अलग क्षेत्रों में अवर अभियंता टीम के साथ कनेक्शन काटने की कार्रवाई कर रहे हैं।
क्या कहते हैं एसडीओ
उपमंडल अधिकारी विद्युत वितरण शहर प्रथम अमित कुमार ने बताया कि बकाया बिलों की वसूली के लिए तेजी से कार्य चल रहा है। स्मार्ट मीटर सिस्टम के साथ ही तमाम डेवलपमेंट कार्य भी शहर में करने की तैयारी है। इसके लिए केंद्र सरकार की योजना के तहत बिजली लाइनों, ट्रांसफार्मर आदि के लिए स्वीकृति मिली है। स्मार्ट मीटर सिस्टम से बकाया बिलों पर नियंत्रण लगेगा।
फोटो-11- एसडीओ अमित कुमार- फोटो : HARDOI