हरदोई। जिला अस्पताल में निशुल्क इलाज का सपना लेकर आने वाले मरीजों को डॉक्टरों की मनमानी का शिकार होना पड़ रहा है। अस्पताल में निशुल्क सुविधा उपलब्ध होने के बाद भी डॉक्टर मरीजों को बाहर की जांचें लिख रहे हैं।
सोमवार को पीआईसीयू वार्ड का राउंड कर रहे सीएमएस ने एक मरीज के पर्चे पर बाहर की जांचें लिखीं देेखीं, तो मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित डॉक्टर से स्पष्टीकरण मांगा है।
जिला अस्पताल में मरीजों के निशुल्क इलाज का दावा डॉक्टर हवा में उड़ा रहे हैं। एक रुपये के पर्चे पर यहां दवाएं लेने आने वाले मरीजों को ओपीडी में डॉक्टर बाहर की दवाएं लिख रहे हैं।
बाहर की दवाएं लेने पर उन्हें 200 से 300 रुपये खर्च करने पड़ रहे हैं, जो मरीजों की उम्मीद पर भारी पड़ रही है। मंगलवार को सीएमएस डॉ.जेएन तिवारी पीआईसीयू वार्ड का निरीक्षण करने पहुंचे।
यहां पीआईसीयू वार्ड में भर्ती एक मरीज ने डॉक्टर पर बाहर से जांच लिखने की शिकायत कर दी। सीएमएस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए बाल रोग विभाग में तैनात डॉ. कमर हैदर से स्पष्टीकरण मांगा है।
सीएमएस ने बताया कि अस्पताल की पैथालॉजी में जांचों की सुविधा उपलब्ध है। इसके बाद भी कोई डॉक्टर मरीज को बाहर की जांचें लिखेगा तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।