बिलग्राम। एक दुकान में जुआ खेले जाने की सूचना पर पुलिस बल मौके पर पहुंचा। तो अंदर मौजूद जुआरियों ने शटर बंद कर लिया। इस पर पुलिस बाहर पहरे पर बैठ गई।
लगभग ढाईं घंटे बाद दुकान के पिछले दरवाजे से बाहर निकाले गए छह जुआरियों को पुलिस ने पकड़ लिया। उन पर जुआ अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर सभी को जेल भेज दिया गया है।
बिलग्राम सदर बाजार स्थित एक दुकान में बृहस्पतिवार शाम कुछ लोगों ने जुआ खेले जाने की सूचना पर पुलिस को दी। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई।
पुलिस को देख कर जुआरियों ने शटर बंद कर लिया। पुलिस ने शटर खुलवाने का प्रयास किया, लेकिन अंदर मौजूद लोगों ने शटर नहीं खोला। इस पर चौकी इंचार्ज संजय सिंह व वीर प्रताप समेत पुलिस ने दुकान के अगले व पिछले गेट पर डेरा डाल दिया।
लगभग ढाईं घंटे बाद पुलिस ने गेट काटने की धमकी दी, जिस पर अंदर मौजूद लोग पिछला गेट खोलकर बाहर निकले। पुलिस ने बाहर निकले सभी छह लोगों को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम आयुष गुप्ता, कपिल दीक्षित, राहुल श्रीवास्तव, विवेक सिंह, तौसीफ व दीपक अर्कवंशी बताया।
आरोपियों के पास से ताश की दो गड्डियां व 40 हजार रुपये नगद बरामद किए गए। कोतवाल सुनील सिंह ने बताया कि जुआ अधिनियम के तहत रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों को जेल भेज दिया गया है।