पाली (हरदोई)। सोशल मीडिया में दो समुदाय के युवकों ने एक दूसरे के धर्म को लेकर आपत्तिजनक पोस्ट कर दी। इससे एक समुदाय के लोगों ने कार्रवाई की मांग लेकर गुरुवार को थाने का घेराव कर दिया।
पुलिस के समझाने के बाद यहां से लौटे कुछ लोग दूसरे समुदाय के युवक के घर में घुस गए और परिवार के सदस्यों से अभद्रता की। मामले में पुलिस ने दोनों पक्ष के लोगों की तहरीर पर क्रास रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है।
कानपुर में दो समुदाय के बीच हुए बवाल के बाद प्रदेश भर में अलर्ट है। इस क्रम में पाली थाना क्षेत्र में बुधवार देर शाम एएसपी पश्चिमी दुर्गेश सिंह, सीओ शाहाबाद विशाल यादव ने थानाध्यक्ष सुनील कुमार के साथ नगर में पैदल गश्त की थी।
इसके बाद थाना परिसर में दोनों समुदाय के लोगों के साथ बैठक कर शांति, सौहार्द और कानून व्यवस्था बरकरार रखने में सहयोग की अपील की। अफसरों के जाने के बाद रात करीब 10 बजे एक समुदाय के युवक ने एक धर्म विशेष को लेकर सोशल मीडिया पर पोस्ट की थी।
इसके जवाब में दूसरे समुदाय के युवक ने भी पोस्ट कर दी। दोनों की पोस्ट के बाद गुरुवार को एक समुदाय के करीब 700 लोग दूसरे युवक पर कार्रवाई की मांग को लेकर थाने का घेराव करने पहुंच गए।
पुलिस ने किसी तरह भीड़ को समझा कर शांत किया। आरोप है कि यहां से लौटी भीड़ में से कुछ लोग लौटकर दूसरे युवक के घर में घुस गए और गाली गलौज व परिवार के सदस्यों से अभद्रता की।
सूचना पर जब तक पुलिस पहुंची आरोपी भाग गए। घटना में पुलिस को दोनों पक्षों की तरफ से तहरीर दी गई है। थानाध्यक्ष सुनील कुमार ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
फोटो-17- बुधवार देर शाम शांति व्यवस्था की अपील करते अधिकारी- फोटो : HARDOI