हरदोई। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के पदाधिकारियों व शिक्षकों की शुक्रवार को वर्चुअल बैठक हुई। जिसमें मांग की गई कि मृतक शिक्षकों के परिवारों को एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि प्रदान की जाए।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए अध्यक्ष राजीव कुमार मिश्र ने कहा कि निरंकुश सरकार की हठधर्मिता के कारण कई शिक्षक पंचायत चुनाव के दौरान कोरोना महामारी में अपनी जान गवां चुके हैं।
पंचायत चुनाव के दौरान कोरोना से जान गवां चुके शिक्षकों के परिवारीजनों व उनके आश्रितों को एक करोड़ रुपये की अनुग्रह राशि व घर के एक सदस्य को सरकारी नौकरी सरकार को देनी चाहिए।
जनपद के पदाधिकारी व कार्यकारिणी के सदस्य व शिक्षक 30 मई को वर्चुअल मीटिंग के माध्यम से 11 बजे से दोपहर दो बजे तक उपवास करेंगे।
दोपहर दो बजे जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारी एवं शिक्षक कोरोना संक्रमण से मृत सभी शिक्षकों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। बैठक में किसान चौरसिया, विवेक श्रीवास्तव, मनोज कुमार, अरुण कुमार मिश्रा, संजय पांडे, चिंरजीव आर्य, उमेश कुमार, मृगेश सिंह आदि मौजूद रहे।