सांडी। एसओ अनिल सक्सेना की अध्यक्षता में बुधवार को थाना परिसर में पीस कमेटी की बैठक हुई। जिसमें एसओ ने कहा कि महामारी के दृष्टिगत आमजन व सभी व्यापारी सरकार की गाइड लाइन का पालन करें।
ईदगाह के बजाय सभी लोग घरों में सुरक्षित रह कर ईद की नमाज पढ़ें। अगर कहीं भी भीड़ जुटने की शिकायत मिली, तो संबंधित लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
ईदगाह के मुफ्ती मोहम्मद समी ने कहा कि ईदगाह समेत चिह्नित मस्जिदों में केवल पांच व्यक्ति ही ईद की नमाज अदा करेगें। इससे इतर आमजन अपने घरों पर ईद की नमाज पढ़ें और अल्लाह ताला से मुल्क को कोरोना से निजात दिलाने की दुआ करें।
इस मौके पर मौलाना मुफ्ती हसन, हाफिज मोहम्मद यामीन, अब्दुल जब्बार खान, मसुला मुदस्सीर खान, इशरत अहमद व शकील अहमद आदि मौजूद रहे।
बिलग्राम। मदरसा अनवारुल उलूम के मौलाना अब्दुल हस्सान ने आमजन से अपील करते हुए कहा है कि इस बार कोविड गाइड के चलते ईद पर सामूहिक नमाज नहीं पढ़ी जाएगी। मस्जिदों में सिर्फ 5 लोग ही नमाज पढ़ेंगे।
अन्य लोग घरों पर ही ईद की नमाज पढ़ें और नियमों का पालन करते हुए ईद मनाएं। इससे इतर एसडीएम एपी श्रीवास्तव व कोतवाल सुनील सिहं ने भी आमजन से कोविड गाइड लाइन का पालन करने की अपील की है।