हरदोई। सीडीओ ने शनिवार को त्वरित आर्थिक विकास योजना के तहत निर्मित और निर्माणाधीन दो मार्गों का निरीक्षण किया। इन निर्माणाधीन मार्ग की गुणवत्ता ठीक न मिलने पर सीडीओ ने नाराजगी जताई।
इसके साथ ही संबंधित फर्म को कारण बताओ नोटिस जारी करने और निर्माण कार्य पूर्ण होने तक संबंधित अवर अभियंता का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
शनिवार को सीडीओ आकांक्षा राना ने कबूलपुर से बलदेवपुरवा तक निर्माणाधीन मार्ग का निरीक्षण किया। एक करोड़ 52 लाख रुपये की लागत से बन रहे इस मार्ग का कार्य नौ जुलाई 2019 को ही पूरा होना था, लेकिन कार्य अब भी अधूरा है।
दो स्थानों पर सीडीओ ने मार्ग को खुदवाकर जांच कराई, जिसमें मोटाई मानक के अनुसार मिली। सील कोट कुछ जगहों पर उखड़ा मिला। ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता एसके गुप्ता को निर्देश दिए कि कार्य पूरा होने के बाद किसी अन्य कार्यदायी संस्था से गुणवत्ता की जांच कराने के बाद ही इसे हैंडओवर किया जाए।
मानक के अनुरूप समय से कार्य पूरा न होने पर संबंधित फर्म से स्पष्टीकरण तलब करने और कार्य पूर्ण होने तक अवर अभियंता विजय शर्मा का वेतन रोके जाने के निर्देश सीडीओ ने दिया।
इसके बाद सीडीओ ने तीन करोड़ तीन लाख रुपये से निर्मित अकबरपुर हसनापुर मार्ग का भी निरीक्षण किया। कार्य पूर्ण मिला, बारिश के कारण कुछ स्थानों पर पटरी पर रेनकट बन गए हैं। इन्हें दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।