हरदोई। स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर शनिवार से ही जिले के प्रमुख चौराहे व इमारतें रोशनी से नहाती नजर आई तो वहीं सरकारी व गैर सरकारी कार्यालयों में दिन भर तैयारियों का दौर जारी रहा। शहर के प्रमुख चौराहों पर भी सजावट की गई।
रविवार को 75 वें स्वतंत्रता दिवस का जश्न पूरे देश के साथ ही जिले में भी मनाया जाएगा। स्वतंत्रता दिवस को लेकर पिछले काफी समय से तैयारियों का दौर तो चल ही रहा था। पूर्व संध्या आते-आते ही तैयारियां और गति पकड़ गई। पूर्व संध्या पर नगर के जिंदपीर चौराहा, सिनेमा चौराहा, नुमाइश चौराहा, स्वर्ण जयंती चौराहा, समस्त सरकारी व गैर सरकारी भवनों पर साज सज्जा किए जाने के दावे किए गए।
जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया कि 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस पर सुबह आठ बजे समस्त राजकीय एवं गैर सरकारी भवनों, शिक्षण संस्थाओं में विभागाध्यक्षों द्वारा ध्वजारोहण किया जायेगा और राष्ट्रगान का गायन समय पर भावपूर्ण उपस्थित लोगों द्वारा संयुक्त रूप से किया जायेगा। इसके अतिरिक्त सुबह साढ़े आठ बजे नगर के पुलिस लाइन के सामने स्थित महात्मा गांधी की प्रतिमा पर मुख्य विकास अधिकारी, निरीक्षण भवन के सामने स्थित बाबा भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर अपर जिलाधिकारी, सीएसएन डिग्री कॉलेज में स्थित स्वतंत्रता संग्राम सेनानी मोहन लाल वर्मा, चंद्रशेखर आजाद, डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा पर नगर मजिस्ट्रेट, श्री श्रीश चंद्र अग्रवाल एवं निरजंन सिंह देव की प्रतिमा पर अपर मुख्य अधिकारी पंचायत, बाल बिहार में बाल बिहार स्कूल संस्थापक राधा कृष्ण अग्रवाल की प्रतिमा पर प्रबंधक अतुल अग्रवाल तथा अरूणा पार्क में स्व. मन्ना लाल वैद्य की प्रतिमा पर प्रशासनिक अधिकारी कलक्ट्रेट द्वारा माल्यार्पण किया जायेगा। उन्होंने बताया कि समस्त कार्यक्रम कोविड-19 गाइड लाइन को देखते हुए किए जाएंगे। समस्त कार्यक्रम सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मास्क लगाकर मनाये जाएंगे। कार्यक्रम में 20 व्यक्तियों से अधिक सम्मिलित नहीं होंगे।
स्वतंत्रता दिवस पर यह कार्यक्रम होंगे
स्वतंत्रता दिवस पर सुबह 10 बजे राजकीय इंटर कॉलेज हरदोई में जिला विद्यालय निरीक्षक द्वारा छात्रों की अखंड भारत की श्रृंखला आयोजित की जायेगी व 11 बजे जिलाधिकारी गांधी भवन में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर माल्यार्पण करेंगे। 11.20 बजे जिलाधिकारी नगर पालिका परिषद हरदोई में ध्वजारोहण करेंगे व दोपहर 12 बजे जिला कारागार में कैदियों को लायंस क्लब हरदोई व भारत विशाल भारत विकास परिषद द्वारा फल वितरण किया जायेगा।
याद किए जाएंगे जिले के यह स्वतंत्रता संग्राम सेनानी
हरदोई। बाबू लालता प्रसाद, राम नरायन लहरी, रामचरन गुप्त, गुरु प्रसाद गुप्ता, हरी बहादुर श्रीवास्तव, पं शोभाराम, राम सिंह, लक्ष्मी नरायन वर्मा, श्री कृष्ण त्यागी, स्व बाबू शिव नरायन, देबू पासी, चंदन प्रसाद, रामदयाल त्रिवेदी, मुन्नू सिंह, गजराज प्रसाद, हरगोविंद प्रसाद, बृजराज सिंह, आत्माराम बाजपेई, भोला सिंह, हीरालाल चिरौजी सेवाराम मिश्र, विशम्भर प्रसाद, महादेव प्रसाद, चंदमौलि अवस्थी, चक्कर सिंह, अखलाक आदि।