फोटो-22-चोरी के आरोप में गिरफ्तार शातिर। संवाद
- फोटो : HARDOI
पाली। पाली थाना क्षेत्र के ग्राम भगवंतपुर में किराना गोदाम में सेंध काटकर हुई चोरी का खुलासा पुलिस ने कर दिया है। एक अगस्त की रात पाली थाने से भागे एक आरोपी समेत दो को पुलिस ने गिरफ्तार कर इनके कब्जे से चोरी का माल भी बरामद कर लिया है।
पाली थाना क्षेत्र के ग्राम लौकहा निवासी जागेश्वर व्यापारी हैं। कस्बे से सटे ग्राम भगवंतपुर में उनका गोदाम है। तीस जुलाई की रात चोरों ने सेंध काटकर दुकान में रखे घी, पान मसाला व बीड़ी के गत्ते आदि चुरा लिए थे। एक अगस्त को पुलिस ने दो लोगों को घटना में शामिल होने के अंदेशे में हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की थी। इनमें से एक राजीव उसी रात पाली थाने से फरार हो गया था। अगले दिन ही पुलिस ने उसे फिर पकड़ लिया था। बहरहाल पूरी घटना का खुलासा बुधवार को पुलिस ने किया।
प्रभारी निरीक्षक बीएम त्रिपाठी के मुताबिक मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बुधवार की सुबह कस्बे के मोहल्ला सरॉय सैफ निवासी राजीव और भूरा को पाली बस अड्डे के निकट से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का दावा है कि दोनों ने चोरी की घटना को अंजाम दिए जाने की बात स्वीकारी है। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर राजीव के घर से चोरी का सामान भी बरामद कर लिया है।