पिहानी। शुक्रवार को व्यापारियों के साथ बैठक कर पुलिस ने सुविधा और सुरक्षा को बेहतर बनाने पर चर्चा की। इस दौरान व्यापारियों से प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगवाने और अतिक्रमण नहीं करने की बात कही गई। बैठक में उद्योग व्यापार संगठन के नगर अध्यक्ष पंकज वैश्य ने पुलिस को व्यापारियों की ओर से हर संभव सहयोग का यकीन दिलाया।
कोतवाल दिलेश कुमार सिंह ने कहा कि सुरक्षा को और बेहतर बनाने के लिए व्यापारी पुलिस का सहयोग करें। अपने प्रतिष्ठान तय सीमा तक खोलें। देर रात प्रतिष्ठान बंद कर दें। गलियों में आपसी सहयोग से चौकीदार रखें।
प्रतिष्ठान के बाहर रोशनी के लिए बल्ब अवश्य लगवाएं। कैमरे की दिशा ऐसी रखें कि पूरी दुकान की गतिविधि कवर कर सकें। बैठक में ग्रुप बनाने का निर्णय लिया गया, जिस पर किसी घटना पर वीडियो फुटेज शेयर करने का सुझाव दिया गया।
कहा कि व्यापारी बैंक में रकम जमा करने के दौरान सुरक्षा के लिए पुलिस का सहयोग भी ले सकते हैं। इस दौरान विमलेश गुप्ता, मेराज अंसारी, विश्राम पाल, कृष्ण पाल राठौर, फुरकान फारुकी, सूरज, शादाब आलम, रामसहाय प्रजापति, मनीष वर्मा, धर्मेंद्र कुमार, कन्हैया लाल कपूर रहे।