संडीला। सीएचसी में गुरुवार की रात एक मरीज को लेकर आए एंबुलेंस चालक ने आगे खड़ी कार हटाने के लिए कहा, तो तीमारदारों ने चालक की पिटाई कर दी। पूरी घटना सीएचसी में लगे सीसीटीवी में कैद हो गई। पीड़ित ने कोतवाली में तहरीर दी है।
संडीला सीएचसी में संदीप कुमार 108 एंबुलेंस का चालक है। गुरुवार की रात वह मुसैला गांव से एक मरीज को लेकर सीएचसी पहुंचा। जहां पीछे से उसी मरीज के तीमारदार कार से आ गए।
तीमारदारों ने एंबुलेेंस के आगे कार खड़ी कर दी। जिसे हटाने के लिए एंबुलेंस चालक ने कहा, तो विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर एंबुलेंस में मरीज के साथ बैठे एक तीमारदार ने चालक की पिटाई कर दी।
शोर सुनकर पहुंचे अस्पताल के कर्मचारियों ने उसे बचाया। इस बात को लेकर तीमारदार डॉक्टर और अन्य कर्मचारियों से झगड़ने लगे। कर्मचारियों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दे दी।
पुलिस के आने से पहले हमलावर फरार हो गए। पूरा घटनाक्रम सीएचसी मेेें लगे सीसीटीवी में कैद हो गया। कोतवाल वेनी माधव त्रिपाठी ने बताया कि सीसीटीवी फुुटेज से हमलावरों की पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं।