फोटो-05- ट्रांसफार्मर में लगी आग से जलती गुमटियां
- फोटो : HARDOI
पिहानी। कस्बे में पुलिस चौकी के पास रखे ट्रांसफार्मर में शुक्रवार देर रात आग लग गई। आग की चपेट में आकर तीन गुमटियां जलकर राख हो गईं। ट्रांसफार्मर जलने से 150 घरों की बिजली गुल हो गई। मोहल्ले के लोगों ने निजी संसाधनों से आग पर काबू पाया।
कस्बे में पुलिस चौकी के पास 100 केवीए क्षमता का ट्रांसफार्मर रखा है। इससे मिश्राना चुंगी के आसपास के 150 घरों में बिजली आपूर्ति होती है। शुक्रवार की रात ट्रांसफार्मर धूं-धूंकर जलने लगा।
ट्रांसफार्मर का ऑयल पड़ोस में स्थित मिश्राना निवासी अंकित व उसके भाई रोहित की पान की गुमटियों पर जा गिरा। इससे दोनों गुमटियों में आग लग गई।
लपटों ने पास में रखी पियाबाग निवासी अरशद की कोल्ड ड्रिंक की गुमटी को भी अपनी जद में ले लिया। लपटें उठती देख मोहल्ले के लोग मौके पर आ गए पानी का टैंकर मंगवाने के लिए नगर पालिका को फोन किया, जो उठा नहीं।
लोगों ने निजी संसाधनों से मशक्कत से आग पर काबू पाया। वहीं ट्रांसफार्मर जलने से 150 घरों की बिजली गुल हो गई। भीषण गर्मी में लोग बिलबिला उठे। जेई सोमपाल गंगवार ने बताया कि अधिक गर्मी और लोड के कारण यह दिक्कत हुई है। ट्रांसफार्मर बदलवाकर जल्द आपूर्ति बहाल कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
24 घंटे में चार बार टूटा तार
कस्बे के मोहल्ला नागर में भी बिजली आपूर्ति का बुरा हाल है। 24 घंटे में एक होटल के पास एक तार चार बार टूटा। इसके चलते बार-बार शटडाउन लेकर बिजली कर्मी तार जोड़ने में लगे रहे। जेई सोमपाल गंगवार ने बताया कि तार पूरी तरह जर्जर होने की वजह से बार-बार टूट कर गिर रहा है। जल्द ही तार को बदलवाने के प्रयास किए जाएंगे।