फोटो-12- मृतक राजन सिंह की फाइल फोटो।
- फोटो : HARDOI
हरदोई। शहर कोतवाली क्षेत्र में बिलग्राम मार्ग पर मंगलवार देर रात ई-रिक्शा चालक का शव सड़क किनारे पड़ा मिला। परिजनों ने साथी पर लेनदेन के चलते हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस हादसे में मौत होने की बात कह रही है। बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराया गया।
शहर के मोहल्ला लक्ष्मीपुरवा निवासी राजन सिंह उर्फ रीशू (22) ई-रिक्शा चालक था। परिजनों के मुताबिक मंगलवार देर रात वह एक साथी का फोन आने पर ई-रिक्शा लेकर घर से निकला था।
देर रात तक घर वापस लौटकर न आने पर खोजबीन शुरू की। इस दौरान बिलग्राम मार्ग पर छोहापुर पुलिया के निकट सड़क के किनारे एक शव पड़ा होने की जानकारी मिली। घटना से 300 मीटर पहले एक आटा मिल के पास उसका ई-रिक्शा खड़ा था।
मृतक के मामा संदीप सिंह ने बताया कि 4 माह पूर्व राजन ने एक साथी को 90 हजार रुपये उधार दिए थे। आरोप है कि रुपये मांगने पर साथी ने उसकी हत्या कर दी। मृतक के परिवार में पत्नी गौरी के अलावा एक बेटी वैष्णवी है।
पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। पोस्टमार्टम हाउस के सूत्रों के मुताबिक मृतक के शरीर पर चोटों के निशान मिले हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में सिर में गंभीर चोट आने से मौत होने की पुष्टि हुई है।
कोतवाल दीपक शुक्ला ने बताया कि घटना हादसा प्रतीत हो रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट व परिजनों की तहरीर के आधार पर पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
घटनास्थल पर मिले ग्लब्स
घटनास्थल पर मेडिकल ग्लब्स पड़े मिले हैं। वहीं सड़क पर शव को खींचने के निशान मिले हैं। इसके अलावा घटना से 300 मीटर दूरी पर मिले ई-रिक्शा आदि सबूतों के आधार पर परिजन घटना को हत्या मान रहे हैं। मृतक के मामा ने हत्या कर शव फेंके जाने की आशंका जताई है।
फोटो-13- घर के बाहर रोती-बिलखती महिलाएं। संवाद- फोटो : HARDOI