फोटो- 24 हरदोई रेलवे स्टेशन का पार्सल कक्ष।
- फोटो : HARDOI
हरदोई। ट्रेन के पार्सल यान से आने व जाने वाले सामान पर रेल प्रशासन ने तीन दिन के लिए पूर्णतया रोक लगा दी है। रेल प्रशासन ने दिल्ली और वाराणसी से आने-जाने वाले पार्सलों पर यह रोक लगाई है।
रेलवे बोर्ड ने हाल ही में पंजाब में प्रधानमंत्री की सुरक्षा में चूक के बाद यह कदम उठाया है। रेलवे बोर्ड ने इस बाबत सभी मुख्यालयों को पत्र जारी किया है।
इसमें कहा है कि दिल्ली व वाराणसी जाने वाली ट्रेनों में लगने वाले एसएलआर कोच में 23 से 26 जनवरी तक कोई पार्सल बुक नहीं किया जाएगा। पत्र में लिखा है कि वीआईपी पार्सल तक तीन दिन बुक नहीं होगा।
सुरक्षा एजेंसियां दिल्ली व वाराणसी में पूरी तरह सतर्क हैं। ऐसे में किसी अनहोनी से बचने के लिए रेल प्रशासन भी सतर्क हो गया है। हरदोई से दिल्ली व वाराणसी जाने वाली ट्रेनों में काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस, दिल्ली मेल, सद्भावना एक्सप्रेस, दिल्ली मालदा टाउन समेत कई अन्य ट्रेनें शामिल हैं।
रेल अधिकारियों ने बताया कि तीन दिन के लिए हरदोई से न कोई पार्सल दिल्ली और वाराणसी के किसी भी स्टेशन पर जा सकेगा और न ही वहां से आ सकेगा। रेलवे बोर्ड ने यह फैसला 26 जनवरी को देखते हुए लिया है।