हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली रेलवे मार्ग पर सोमवार देर रात चांदमारी के पास बिहार के एक युवक का शव रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। तलाशी के दौरान पास में मिले मोबाइल से मृतक के परिजनों को सूचना दी।
बिहार के औरंगाबाद जिले के माली थाने के महाली गांव निवासी सुजीत (22) निजी कंपनी में नौकरी करता था। वह 20 जून को घर से निकला था।
सोमवार देर रात उसका शव देहात कोतवाली क्षेत्र में लखनऊ-दिल्ली रेलवे मार्ग पर चांदमारी गांव के पास रेलवे ट्रैक पर पड़ा मिला। ग्रामीणों ने इनकी सूचना पुलिस को दी।
मौके पर पहुंची पुलिस को तलाशी के दौरान जेब में मिले आधार कार्ड व मोबाइल से उसकी शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। मंगलवार दोपहर परिजन भी आ गए।
परिजनों ने बताया कि मृतक अविवाहित व चार भाइयों में छोटा था। परिजनों ने ट्रेन से गिरकर उसकी मौत होने की बात कही है। कोतवाल गंगेश शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों के सुपुर्द कर दिया।