हरदोई। कोरोना कर्फ्यू में शुक्रवार के दिन चौराहों से पुलिस की सख्ती कुछ कम होती दिखी तो चौराहों से गुजरने वाले लोग भी लापरवाह से हो गए। कहीं कोई बिना मास्क के निकल रहा था, तो कहीं वाहनों की भीड़ शहर के प्रमुख मार्गों पर दिखाई दी। यही नहीं कुछ मार्गों को छोड़ दें तो ईद के त्योहार को लेकर भी शहर के प्रमुख मार्ग भी शोरगुल में दिखे।
सुबह सवेरे कुछ शांत दिखा रामदत्त मार्ग
शुक्रवार सुबह नौ बजे के करीब रामदत्त चौराहे से बड़े चौराहे तक का मार्ग सन्नाटे के दौर से जूझता नजर आया। इस मार्ग पर गिने चुने वाहन ही दिखाई दिए। 10 बजे के बाद इस मार्ग पर भी वाहनों का आना जाना शुरु हो गया।
सिनेमा रोड पर कुछ ज्यादा ही रही चहल पहल
अन्य मार्गों की अपेक्षा सिनेमा रोड पर कुछ ज्यादा ही चहल पहल रही। दोपहिया, चौपहिया वाहनों के अलावा रिक्शे से भी लोगों का आना जाना जारी रहा। रोड पर भीड़ भाड़ को देखकर आस पास के लोग भी बोल उठे कि जरा सी ढील मिलने पर लोग कोरोना को भूल चले।
अरे, यह तो कतई ठीक नहीं...
एक तरफ कोरोना संक्रमण अपनी तेजी दिखाए हुए है तो वहीं दूसरी ओर लोग कोरोना संक्रमण को लेकर अभी भी लापरवाह से दिख रहे हैं। कई लोग बिना मास्क अपने साथ दूसरे के जीवन को संकट में डाल रहे हैं। सिनेमा रोड पर शुक्रवार को कुछ युवतियों को बिना मास्क देख लोगों ने यही कहा कि नहीं यह कतई ठीक नहीं।