फोटो-23- मृतकों के रोते बिलखते परिजन
- फोटो : HARDOI
हरदोई। शाहाबाद कस्बे के स्टेशन मार्ग पर कंटेनर चालक की लापरवाही ने पल भर में चार जिंदगियां निगल लीं। जिसमें तेरहवीं में जा रहे भाई-बहन व मासूम का कंटेनर काल बन गया। जिसने भी यह हादसा आंखों के सामने देख वह मंजर याद कर उसकी रूह कांप गई।
बिलग्राम कोतवाली क्षेत्र के अलमापुर निवासी रामऔतार (48) रविवार दोपहर मझिला थाना क्षेत्र के सरैंया गांव में एक रिश्तेदार की तेरहवीं में शामिल होने बाइक से जा रहा था।
साथ में माधौगंज के हसनपुर ज्यौली निवासी बहन गंगा देवी (42) व उसकी पांच वर्षीय नातिन मीनाक्षी भी थी। वह शाहाबाद कस्बे से स्टेशन मार्ग होते हुए सरैंया जा रहा था।
तेरहवीं कार्यक्रम मेें पहुंचने से पहले सभी रास्ते में ही हादसे का शिकार हो गए। सामने से काल बनकर आए कंटेनर ने तीनों की जिंदगी निगल ली। घटना की सूचना मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया।
मौके पर पहुंचे परिजनों का कहना था कि चालक की लापरवाही परिवार को जिंदगी भर का गम दे गई है। पुलिस भी चालक की लापरवाही से हादसा होना बता रही है। कोतवाल सुरेश मिश्रा ने बताया कि पूछताछ में चालक ने अपना नाम धीरज निवासी पतरास कोतवाली पिहानी बताया है। वह बाइक लादने हरिद्वार जा रहा था।
बहन को ईदी देकर लौटा, खुद नहीं मना सका ईद
हादसे परिवार को गहरा जख्म दे जाते हैं। अपने को खोने का दर्द परिजनों को जिंदगी भर भुगतना पड़ता है। ऐसा ही इस हादसे में जान गंवाने वाले औशाफ के परिजनों के साथ हुआ है। औशाफ शाहाबाद कस्बा के मोहल्ला कटरा में अपनी बहन महताब को ईदी देकर घर लौट रहा था। रास्ते में हादसे का शिकार होकर वह खुद ईद नहीं मना सका। हादसे ने परिवार की त्योहार की खुशियां मातम में बदल दीं।
बाइकों के उड़े परखचे
हादसा इतना भीषण हुआ कि एक बाइक के परखचे उड़ गए। प्रत्यक्षदशियों के अनुसार एक बाइक पूरी तरह से कंटेनर के नीचे आ गई। इससे उसके पुर्जे-पुर्जे अलग हो गए। इसी के साथ उस पर सवार लोगों की भी जान चली गई।