हरदोई। वृद्धावस्था पेंशनर्स के आधार नंबर को बैंक खातों से सीड करने और आधार प्रमाणीकरण कराने के मामले में प्रशासनिक टीम की सुस्ती टूट नहीं रही है।
हालात ये हैं कि 78 फीसदी समय निकल चुका है और काम 20 फीसदी पेंशनर्स का हुआ है। खास बात ये है कि इस काम के लिए 95 अधिकारियों और कर्मचारियों की टीम लगी है। इस टीम में एसडीएम, बीडीओ को मुख्य भूमिका में रखकर उनकी जवाबदेही तय की गई है।
जिले के 1 लाख 42 हजार 495 वृद्धावस्था पेंशनर्स के खातों में आधार सीडिंग कराकर ऑनलाइन प्रमाणीकरण किया जाना है। इसके लिए समाज कल्याण निदेशालय ने 11 मार्च को निर्देश दिए थे।
15 मार्च को सभी तहसीलों, ब्लाकों और नगर पालिका-नगर पंचायतों को पेंशनर्स का संख्यात्मक विवरण भेजकर काम करने का आदेश दिया गया था। यह काम तेजी से हो, इसके लिए तहसील स्तर पर एसडीएम, ब्लाक स्तर पर बीडीओ को मुख्य भूमिका में रखा गया था।
सहायक प्रभारी के रूप में तहसील स्तर पर राजस्व निरीक्षक लगाए गए। ब्लाक स्तर पर सहायक प्रभारी की जिम्मेदारी ग्राम विकास अधिकारी और ग्राम पंचायत अधिकारियों को दी गई।
ग्राम पंचायतों और मजरों के लिए लेखपाल, अमीन, ग्राम पंचायत सहायक, रोजगार सेवक और सफाई कर्मचारियों को लगाया गया। इतनी बड़ी फौज के बावजूद अब तक आधा काम भी नहीं हो सका है।
नगर क्षेत्र में 5652 लाभार्थियों में केवल 1127 के खातों को ही आधार सीड कराया जा सका है। ग्रामीण क्षेत्र के 1,36,843 लाभार्थियों में से 27,544 के खाते आधार सीडेड हुए हैं।
जिले में अभी 1,13,824 खातों को आधार से जोड़ा नहीं जा सका है। विभाग ने 30 अप्रैल तक काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है। ऐसे में 10 दिनों में विभाग के सामने 80 फीसदी काम पूरा करने की चुनौती है।
इस माह से दिया जाना है आधार बेस भुगतान
वृद्धावस्था पेंशनर्स को अप्रैल माह से ही आधार बेस भुगतान दिया जाना है। निदेशालय ने इसके लिए दिशा निर्देश भी जारी किए हैं, लेकिन आधार सीडिंग की प्रगति को देखते हुए इसकी संभावना कम लग रही है। विभागीय लोगों का भी मानना है कि इस माह आधार सीडिंग का काम शत-प्रतिशत पूरा हो पाना मुश्किल है।
बावन ब्लाक में सबसे ज्यादा पेंशनर्स
बावन ब्लाक में सबसे ज्यादा 10,852 वृद्धावस्था पेंशनर्स हैं। यहां 1570 के खाते आधार सीड हुए हैं, अभी 9,282 के खातों को आधार सीड कराने की चुनौती है। दूसरे नंबर पर अहिरोरी ब्लाक में 10,214 पेंशनर्स हैं, यहां 1814 के खातों को आधार से जोड़ा जा सका है। नगर क्षेत्र में शाहाबाद नगर पालिका में सबसे अधिक 1,425 पेंशनर्स हैं।
वर्जन
आधार सीडिंग के काम में पेंशनर्स का सहयोग नहीं मिल रहा है। वह रुचि नहीं दिखा रहे हैं। हालांकि टीम के सदस्य उन्हें जागरुक करने का प्रयास कर रहे हैं। चुनौती बड़ी है, लक्ष्य पूरा करने के लिए सभी स्तर से भरपूर प्रयास किया जा रहा है। - राजमती, जिला समाज कल्याण अधिकारी, हरदोई