hardoi news,40 feeders broken, 50 poles fell, loss of lakhs
- फोटो : HARDOI
हरदोई। सोमवार को जिले में आई आंधी ने बिजली व्यवस्था को तहस-नहस कर दिया। 33 केवीए के 40 फीडर टूटने के साथ ही लगभग 50 विद्युत खंभे गिर गए।
इसके चलते मंगलवार शाम तक कई गांवों में बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी। सबसे ज्यादा नुकसान शाहाबाद एवं सवायजपुर क्षेत्रों में होने की सूचनाएं विभाग को मिली हैं।
मंगलवार को आपूर्ति बहाल कराने के लिए अधीक्षण अभियंता सुरेश चंद्र खुद फील्ड में निकले और क्षेत्रीय अधिकारियों के साथ विद्युत उपकेंद्रों में पहुंचे।
मंगलवार दोपहर तक सभी विद्युत उपकेंद्रों की आपूर्ति व्यवस्था को बहाल कर लिया गया था, लेकिन ग्रामीण इलाकों में पोल गिरने एवं लाइनों के तार टूटने की संख्या ज्यादा होने से कई गांवों में अभी बिजली आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी।
शहर में सोमवार देर शाम तक आपूर्ति बहाल कर ली गई थी, लेकिन तमाम स्थानों पर जाने वाली 11 केवीए की लाइनों को अभी ठीक नहीं किया जा सका है।
एसडीओ मुख्यालय सत्येंद्र कुमार ने बताया कि कुछ गांवों में अभी आपूर्ति बहाल नहीं हो सकी है। कार्य चल रहा है। आंधी से विभाग को लाखों रुपये का नुकसान होने का अनुमान है।