हरदोई। हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम औरेनी में संदिग्ध हालात में तबीयत बिगड़ने के बाद युवक की मौत हो गई। परिजनों ने मृतक के दोस्तों को लेकर आशंका जताई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हरपालपुर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम औरेनी निवासी शैलेंद्र (30) खेती करता था। पत्नी सविता के मुताबिक बुधवार को दो लोग शैलेंद्र को घर से बुलाकर ले गए थे। देर शाम शैलेंद्र घर वापस आया और कुछ देर बाद उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे लेकर अस्पताल जाने की तैयारी कर रहे थे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो गई। मृतक की पत्नी ने साथियों पर शैलेंद्र के साथ अनहोनी किए जाने की आशंका जताई है। पत्नी की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में ले लिया। हरपालपुर कोतवाल दीपक शुक्ला ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।