हरदोई। माधौगंज थाना क्षेत्र स्थित शारदा नहर के क्षतिग्रस्त पुल पर बुधवार को एक ट्रक खराब हो जाने से जाम लग गया। लगभग एक घंटे तक पुल पर जाम लगा रहा। जाम में एक एंबुलेंस भी तकरीबन आधा घंटे तक फंसी रही।
माधौगंज-बघौली मार्ग पर शारदा नहर पुल काफी दिनों से क्षतिग्रस्त है। पुल क्षतिग्रस्त होने के कारण भारी वाहनों का आवागमन थाने के सामने से शेखवापुर पूर्वी गांव से होते हुए किया जाता रहा है। नहर विभाग ने भारी वाहनों को रोकने के लिए बैरिकेडिंग भी की, लेकिन कुछ दिनों बाद बैरिकेडिंग तोड़कर भारी वाहन फिर से आने जाने लगे। बुधवार को पुल पर एक ट्रक का गुल्ला टूटने से खराब होकर खड़ा हो गया। इससे पुल पर जाम लग गया। पुल के दोनों ओर काफी दूर तक वाहनों की कतार लग गई। लगभग एक घंटे तक जाम लगा रहा। छोटे वाहनों को लगभग चार किलोमीटर का चक्कर लगाकर जाना पड़ा। इस बीच जाम में एक एंबुलेंस भी करीब आधा घंटे फंसी रही।