मिश्रिख सांसद अशोक रावत को ज्ञापन देतीं रचना सोनी व मौजूद अन्य लोग। संवाद
- फोटो : HARDOI
कछौना (हरदोई)। ओमान में फंसे पति की स्वदेश वापसी के लिए परेशान पत्नी ने बुधवार को क्षेत्रीय सांसद अशोक रावत से मिलकर अपनी पीड़ा बताई। पति को स्वदेश वापस लाने के लिए एक ज्ञापन भी सांसद को सौंपा।
कछौना कस्बा के सदर बाजार पूर्वी निवासी रचना सोनी का पति चंद्रशेखर सोनी छह माह पहले राजस्थान निवासी मित्र के साथ ओमान नौकरी करने गया था। वहां चंद्रशेखर का स्वास्थ्य खराब हो गया। इस पर उन्होंने कंपनी मालिक से वीजा वापस करने और भारत भेजने को कहा। कंपनी के मालिक ने तीस हजार रुपये चंद्रशेखर से मांगे। इस पर चंद्रशेखर ने अपनी पत्नी रचना से कंपनी मालिक के अकाउंट में तीस हजार रुपये भिजवा दिए। इसके बावजूद चंद्रशेखर को वापस भारत नहीं भेजा गया। रचना ने बुधवार को मिश्रिख सांसद अशोक रावत से मिलकर पूरी घटना बताई और पति को वापस भारत बुलवाने की मांग की। सांसद अशोक रावत ने कहा कि वह इस मामले में उच्चाधिकारियों और विदेश मंत्री से वार्ता कर चंद्रशेखर को वापस भारत लाने का हर संभव प्रयास करेंगे। इस दौरान लघु उद्योग प्रकोष्ठ भाजपा के जिला संयोजक पंकज शुक्ला भी मौजूद रहे।