बैठक में रामलीला चबूतरा धंसने के संबंध में अपनी बात रखते सभासद अवधेश रस्तोगी। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। पिहानी नगर पालिका सभागार में रविवार को आवास सर्वे और गृह कर निर्धारण को लेकर बैठक आयोजित की गई। इसमें रामलीला चबूतरा धंसने को लेकर भी चर्चा हुई। गुणवत्ता पर नाराजगी जताते हुए चेयरमैन हाजी जमाल साजिद ने कार्य कराने वाले ठेकेदार को नोटिस जारी किए जाने का आदेश दिया।
पालिकाध्यक्ष ने कहा कि कर्मचारी क्षेत्र में आवास सर्वे का कार्य पूर्ण कर पालिका अभिलेखों में इंदराज करें। कहा कि सर्वे पूरी तरह से निशुल्क होगा। सर्वे के बाद दर्ज आवासों के गृह कर के निर्धारण का कार्य किया जाएगा। उन्होंने सभी नागरिकों से इस कार्य में सहयोग करने की अपील की। कहा कि संबंधित सभासद या कर्मचारी से फार्म लेकर आमजन अपने आवासों का विवरण दर्ज कर उसे जमा कर दें। चेयरमैन ने सभासद मुजाबिर हुसैन जैदी को आवास सर्वे का फार्म देकर सर्वे कार्य का शुभारंभ किया। इधर, बैठक में सभासदों ने अमर उजाला में 28 जुलाई के अंक में प्रकाशित रामलीला चबूतरा के धंसने संबंधी खबर को प्रमुखता से उठाया और कार्य की गुणवत्ता पर नाराजगी जताई। नामित सभासद अवधेश रस्तोगी समेत अन्य ने इसकी जांच करा कार्रवाई किए जाने की मांग की।
इसका संज्ञान लेते हुए चेयरमैन जमाल साजिद ने ईओ अहिबरन लाल को संबंधित ठेकेदार के खिलाफ नोटिस जारी किए जाने का आदेश दिया। कहा कि ठेकेदार की ओर से जवाब मिलने पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। इस मौके पर विमलेश तिवारी, गोपाल अवस्थी, रम
ाकांत सक्सेना, अरुण अग्निहोत्री, चांद बाबू, विवेक मिश्रा व राजीव आदि मौजूद रहे।