हरदोई। पंचायत चुनाव के अंतिम पड़ाव यानी ब्लाक प्रमुख के चुनावों को लेकर भी रणभेरी सोमवार को बज गई है। आयोग के बाद जिला निर्वाचन अधिकारी जिलाधिकारी ने भी देर शाम चुनावी कार्यक्रम जारी कर दिया है। आठ जुलाई को नामांकन और 10 जुलाई को मतदान और मतगणना होगी।
राज्य निर्वाचन आयुक्त मनोज कुमार ने सोमवार को ही क्षेत्र पंचायत प्रमुख को लेकर कार्यक्रम तय किया जा चुका है। जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने भी कार्यक्रम जारी कर दिया। जारी कार्यक्रम में आठ जुलाई को सुबह 11 बजे से तीन बजे तक संबंधित विकास खंडों में नामांकन होंगे। इसी दिन तीन बजे के बाद नामांकन पत्रों की जांच होगी। नौ जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे के मध्य नाम वापसी संभव हो सकेगी। मतदान 10 जुलाई को सुबह 11 बजे से दोपहर तीन बजे तक होगा। मतगणना इसी दिन 10 जुलाई को तीन बजे के बाद शुरू कर दी जाएगी।
सार्वजनिक अवकाश दिवसों में भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे। निर्धारित समय सारिणी के अनुसार ही चुनावी कार्यक्रम संपन्न होंगे। इस संबंध में अपर जिलाधिकारी संजय कुमार सिंह ने बताया कि तैयारियां लगभग पूर्ण हैं अब जरूरत सभी जिम्मेदारों को सक्रिय करने की है वह किया जा रहा है।
चुनावी कार्यक्रम एक नजर में
. नामांकन : आठ जुलाई
. नामांकन पत्रों की जांच: आठ जुलाई
. नामांकन वापसी: नौ जुलाई
. मतदान : 10 जुलाई
.मतगणना : 10 जुलाई
यह होगी नामांकन पत्र व जमानत राशि
सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बीएल भार्गव ने बताया कि सामान्य वर्ग की नामांकन पत्र का मूल्य आठ सौ रुपये व आरक्षित वर्ग के लिए 400 रुपये होगी। जमानत राशि सामान्य वर्ग के लिए पांच हजार एवं सामान्य वर्ग के लिए 2500 रुपये निर्धारित होगी। प्रमुख प्रत्याशी अधिकतम दो लाख खर्च कर सकेगा।
अधिसूचना आते ही तैयारियों में लगा चुनाव कार्यालय
क्षेत्र पंचायत प्रमुख को लेकर अधिसूचना जारी होते ही चुनाव कार्यालय तैयारियों में लग गया। सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी बीएल भार्गव ने बताया कि मतदाताओं की फोटोयुक्त सूची तैयारी की जा चुकी है। इसके अलावा आरओ व एआरओ को जिलाधिकारी के निर्देश पर नामित किया जा रहा है।