हरदोई। कोरोना ने जिले में 28 मासूमों के सर से कहीं मां तो कहीं पिता का सहारा छीन लिया है। इनमें 25 बच्चे एकल तो तीन बच्चे पूरी तरह से निराश्रित हो गए हैं। इन बच्चों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के तहत सहारा दिलाने के लिए टास्क फोर्स ने इनके प्रपत्रों का तीन दिन में सत्यापन कराने के निर्देश दिए हैं।
कोरोना संक्रमण से अभिभावकों में से एक की या दोनों की मौत हुई हो और बच्चे बेसहारा हो गए हैं तो उनकी मदद के लिए मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना को शुरू किया गया है। इसको लेकर जिला स्तर से पूर्व में भी पोर्टल पर फीडिंग करा दी गई थी। शासन की ओर से आए दिशा निर्देशों के बाद जिला टास्क फोर्स ने इस पर विचार करना शुरू कर दिया है। जिला प्रोबेशन अधिकारी सुशील कुमार सिंह ने बताया कि जिले में कोविड-19 से प्रभावित कुल 28 बच्चे चिह्न्ति किए गए हैं। इसमें से 25 एकल एवं तीन निराश्रित बच्चों के आवेदन पत्र मिले हैं, इसके अतिरिक्त चार प्रकरण विकास खंड कोथावां के हैं जिसमें अन्य बीमारी से मृत्यु होना पाया गया है। इसके बाद भी कोथावां के इन चार बच्चों को प्रोबेशन विभाग की अन्य योजना से लाभांवित किया जाएगा।
एसडीएम व बीडीओ स्तर से कराएं सत्यापन: सीडीओ
हरदोई। विकास भवन सभागार में मंगलवार को मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा राना की अध्यक्षता में जिला टास्क फोर्स की समीक्षा बैठक हुई। जिसमें मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा राना ने जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देशित किया कि समस्त आवेदन पत्रों के सत्यापन का कार्य तीन दिवस में उप जिलाधिकारी व खंड विकास अधिकारी से कराकर जिला टास्क फोर्स के समक्ष प्रस्तुत करें। बैठक में जिला प्रोबेशन अधिकारी सुशील कुमार सिंह के अलावा एसीएमओ डॉ. स्वामी दयाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी बुद्धी मिश्रा, संरक्षण अधिकारी शैलेंद्र पाठक, विधि सह परिवीक्षा अधिकारी संजीव श्रीवास्तव, महिला कल्याण अधिकारी प्रियंका पांडेय आदि मौजूद रहे।
खोजे गए आश्रित व अनाश्रित बच्चे
ब्लाक बच्चों की संख्या
सांडी 1
सुरसा 1
सदर 9
भरखनी 2
मल्लावां 4
बिलग्राम 4
बावन 2
हरपालपुर 3
शाहाबाद 2