हरदोई। भरखनी ब्लॉक के ग्राम कनकापुर उबरिया के प्राथमिक विद्यालय में सोमवार को एसडीएम दीपक वर्मा की अध्यक्षता में चौपाल का आयोजन किया गया। एसडीएम ने बिना किसी सूचना के चौपाल में अनुपस्थित रहे लेखपाल दिनेश श्रीवास्तव का वेतन रोकने का आदेश दिया है।
चौपाल में वरासत संबंधी कई मामले लंबित होने की बात सामने आने पर एसडीएम ने नाराजगी जताई। लेखपाल व कानूनगो को कैंप कर सभी वरासतों की ऑनलाइन फीडिंग करवाने के निर्देश दिए। एसडीएम ने मृत्यु प्रमाण जारी न किए जाने समेत अन्य शिकायतें मिलने पर अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। पात्रों के राशन कार्ड न होने की शिकायत मिलने पर एसडीएम ने छूटे हुए पात्रों के राशन कार्ड बनवा उन्हें राशन देने के लिए कहा। चौपाल में शौचालय, आवास, पेंशन संबंधी शिकायतें अधिक संख्या में आईं। इस पर एसडीएम ने सचिव ओमशिव पांडे को तहसील तलब किया। इस मौके पर नायब तहसीलदार पीयूष भार्गव, राजस्व निरीक्षक जितेंद्र गुप्ता, अरविंद शुक्ला व विनोद शुक्ला आदि मौजूद रहे।