हरदोई। कोरोना से शहर के एक व्यापारी को मौत हो गई है और बुधवार को 55 नए संक्रमित मिले हैं। सात माह बाद इतनी ज्यादा संख्या में पॉजिटिव सामने आए हैं। पंचायत चुनाव में पिहानी ब्लाक मुख्यालय में ड्यूटी कर रहे एक सहायक निर्वाचन अधिकारी भी संक्रमित हैं।
स्वास्थ्य विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक पिछले 24 घंटे के दौरान 55 नए कोरोना संक्रमित मिले हैं। इन संक्रमितों में लोक निर्माण विभाग के एक अवर अभियंता भी शामिल हैं, जोकि पिहानी ब्लाक मुख्यालय पर सहायक निर्वाचन अधिकारी की ड्यूटी कर रहे थे। एआरओ के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद नामांकन प्रक्रिया में शामिल रहे अधिकारियों और कर्मचारियों में खलबली मची हुई है। विश्वस्त सूत्रों के मुताबिक पिहानी में नामांकन प्रक्रिया में शामिल रहे कर्मचारियों व अन्य लोगों को कोरोना की जांच करा लेने के लिए कहा गया है।
मंगलवार को भी जनपद में 44 कोरोना संक्रमित मिले थे। उधर, दूसरी ओर मंगलवार को कोरोना संक्रमित पाए गए शहर के प्रतिष्ठित व्यवसायी की बुधवार सुबह लखनऊ के पीजीआई में मौत हो गई। पंजाबी कालोनी निवासी व्यवसायी को पंाच दिन पहले बुखार आया था। सांस लेने में समस्या होने पर उन्हें एक प्राइवेट अस्पताल में भर्ती किया गया था। मंगलवार को समस्या बढ़ने पर लखनऊ के एक प्राइवेट अस्पताल में भेज दिया गया था। अस्पताल में जांच के दौरान उनके कोरोना संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी। बुधवार को तड़के तीन बजे उन्हें पीजीआई भेजा गया था। पीजीआई में ही उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। जनपद में कुल संक्रमितों की संख्या 6193 हो गई है। एक्टिव केस भी बढ़कर 205 हो गए हैं। वहीं 116 लोग दम भी तोड़ चुके हैं।