हरदोई। बांधों से लगातार छोड़ जा रहे पानी के चलते गंगा का जलस्तर शुक्रवार को 137.00 मीटर रिकॉर्ड किया गया। यह खतरे के निशान 130.10 मीटर से 10 सेंटीमीटर दूर है।
अगस्त के दूसरे पखवारे में जहां गंगा के जलस्तर में तेजी से गिरावट आई थी। वहीं सितंबर में पहाड़ों पर शुरू हुई बारिश और बांधों से लगातार पानी छोड़ने के बाद गंगा नदी के जलस्तर में फिर से बढ़ोतरी होने लगी है। 29 अगस्त को जहां गंगा का जलस्तर चेतावनी बिंदु से नीचे, कुल 136.50 मीटर दर्ज किया गया था। वहीं पिछले पांच दिन से लगातार पानी बढ़ने के कारण जल स्तर 136.50 मीटर से बढ़कर 137.00 मीटर तक पहुंच गया है। गंगा नदी खतरे के निशान से मात्र दस सेंटीमीटर दूर बह रही है। शुक्रवार को फिर से गंगा नदी में नरौरा बांध से 68 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया है। पानी के एक या दो दिन में यहां पहुंचने की संभावना है। सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता अखिलेश गौतम ने बताया कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है। अभी कहीं से कटान की कोई सूचना नहीं है। (संवाद)