संडीला। संडीला कोतवाली क्षेत्र में पड़ोसी का धान तौला रहे किसान पर एक माह पहले हुई हत्या की रंजिश में कुछ लोगों ने फायरिंग कर दी। पूरे मामले में हत्यारोपी किसान ने सात लोगों के विरुद्ध जान से मारने की कोशिश करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है।
ग्राम आटामऊ निवासी रामदास पुत्र रामलाल ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि बुधवार को लगभग 10 बजे वह अपने घर पर मौजूद था। इस दौरान पड़ोसी शाहिद उन्हें धान की तौल कराने के लिए घर से बुलाने आया।
इस पर वह शाहिद के घर चला गया। आरोप है कि कुछ देर बाद गांव निवासी मुहिम, छोटू, नौशाद, सलीम, फुरकान, बबलू और सोनू तमंचे लिए शाहिद के घर में घुस आए। आरोपियों में शामिल मुहिम ने तमंचा निकाल कर फायरिंग शुरू कर दी, लेकिन शाहिद ने इस दौरान उसे कमरे में बंद कर दिया।
गोली की आवाज सुनकर मौके पर अन्य लोग आ गए तो आरोपी फरार हो गए। दरअसल आरोपियों में शामिल मुहिम के भाई यूनुस की हत्या चार अक्तूबर को हुई थी। घटना में मुहिम की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज हुई थी। घटना में रामदास की बाइक का इस्तेमाल होने के चलते उस पर भी मामला दर्ज हुआ था।
अब रामदास का आरोप है कि इसी खुन्नस में उस पर हमला हुआ है। कोतवाल एसके शुक्ला ने बताया कि मामले की रिपोर्ट दर्ज कर जांच की जा रही है।