सिनेमा रोड पर कुछ इस तरह फुटपाथ पर खड़े वाहन। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। प्रशासनिक अनदेखी के चलते एक बार फिर से शहर के प्रमुख मार्गों के हालात बद से बदतर होते जा रहे हैं। आड़े तिरछे वाहनों व पटरी दुकानदारों के अतिक्रमण में फुटपाथ गुम से हो गए हैं। नतीजतन शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति दिन में कई कई बार बन रही है औैर लोग जाम से जूझते नजर आ रहे हैं।
शहर का सिनेमा रोड हो या सदर बाजार। नुमाइश चौराहा हो या बड़ा चौराहा या फिर रेलवेगंज। हर जगह जहां बाजार या दुकानें हैं, वहां पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो रही है। इसके पीछे मुख्य कारण जहां पटरी दुकानदारों द्वारा फुटपाथों पर कब्जा किया गया है वहीं बड़े दुकानदार, शोरूम व बैंकों के बाहर खड़े दोपहिया व चौपहिया वाहन भी इस जाम का अहम कारण हैं। बुधवार को भी कुछ ऐसा ही हुआ जिसमें सिनेमा रोड पर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई जिससे दोनों और वाहनों की कतारें लगीं रहीं। शहर वासी जितेंद्र, जुनैज आदि का कहना है कि नगर पालिका व प्रशासन को इस ओर ध्यान देना चाहिए ताकि आने जाने वाले लोगों को परेशानियों से न दो चार होना पड़े। इस संबंध में नगर पालिका ईओ रविशंकर शुक्ल ने बताया कि फुटपाथ पर अतिक्रमण करने वालों को समय समय पर चेतावनी दी जाती रही है। वह आला अधिकारियों के संज्ञान में बात डालकर इस ओर अभियान चलाकर अतिक्रमण साफ करवाएंगे।