हरदोई। बाल श्रमिकों को चिह्नित करने के लिए 19 से 25 मार्च तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके लिए डीएम अविनाश कुमार की ओर से टास्क फोर्स का भी गठन किया है।
बड़ी संख्या में अब भी बाल श्रमिक विभिन्न होटलों से लेकर मिस्त्री तक की दुकानों पर काम करते नजर आ जाते हैं। बाल श्रमिकों को चिह्नित कर उन्हें समाज की मुख्य धारा से जोड़ने और पढ़ाई लिखाई का उचित प्रबंध कराने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। डीएम अविनाश कुमार ने बताया कि 19 मार्च को संडीला तहसील अंतर्गत कछौना क्षेत्र में अभियान चलेगा। यहां के लिए एसडीएम संडीला की अध्यक्षता में टास्क फोर्स गठित की गई है। इसमें नायब तहसीलदार, बीडीओ, बीईओ और श्रम प्रवर्तन अधिकारी भी शामिल रहेंगे। बीस मार्च को अतरौली और बेनीगंज अभियान चलेगा। 22 मार्च को शाहाबाद और 23 मार्च को पिहानी में अभियान चलाया जाएगा। यहां भी शाहाबाद के एसडीएम की अध्यक्षता में टास्क फोर्स गठित की गई है। बीडीओ, बीईओ, नायब तहसीलदार और श्रम प्रवर्तन अधिकारी को सदस्य बनाया गया है। 24 मार्च को बिलग्राम, माधौगंज और मल्लावां में व 25 मार्च को सवायजपुर व हरदोई में अभियान चलाया जाएगा।