शाजहांपुर मार्ग पर खाली मैदान में खड़ीं एंबुलेंस। संवाद
- फोटो : HARDOI
हरदोई। विभिन्न मांगों को लेकर पिछले तीन दिन से धरना प्रदर्शन कर रहे 108 और 102 एंबुलेंस सेवा के ईएमटी और पायलट हड़ताल पर चले गए। रविवार आधी रात से इन एंबुलेंस के पहिये थम गए। कर्मचारियों ने शाहजहांपुर मार्ग पर चौपाल सागर के निकट एक मैदान में एंबुलेंस खड़ी कर दीं। एंबुलेंस बंद हो जाने से मरीजों को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
जनपद में 108 और 102 एंबुलेंस सेवा के कुल 104 वाहन संचालित हैं। इन वाहनों पर लगभग 400 ईएमटी और पायलट तैनात हैं। 108, 102, एएलएस संघ के जिलाध्यक्ष सलिल अवस्थी के मुताबिक वे लोग जीवी के कंपनी के तहत कार्य कर रहे थे। सूबे की सरकार ने एंबुलेंस संचालन का ठेका दूसरी कंपनी को दे दिया है। नई कंपनी पुराने कर्मचारियों को हटाकर दूसरे कर्मचारी रख रही है। इसके कारण पुराने कर्मचारी परेशान हैं। कर्मचारियों की मांग है कि पुराने और अनुभवी कर्मचारी ही रखे जाएं। कंपनी बदलने पर भी पुराना मानदेय ही दिया जाए और उसमें किसी तरह की कटौती न की जाए। कोरोना संक्रमण के दौरान अहम भूमिका निभाने वाले ईएमटी और पायलट को कोरोना योद्धा का सम्मान दिया जाए और संक्रमण काल में मृत कर्मियों के परिजनों को 50 लाख रुपये की सहायता दी जाए। एंबुलेंस के पायलट और ईएमटी को समझाने के लिए सदर एसडीएम दीक्षा जैन और सीओ सिटी विकास जायसवाल भी गए, लेकिन बात नहीं बनी। कर्मचारियों ने अपनी मांगों से संबंधित ज्ञापन दोनों अधिकारियों को सौंपा।