हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी आकांक्षा राना ने सोमवार को विकास भवन परिसर में चल रहे रंगाई पुताई, सफाई और अभिलेखों की बीडिंग के कार्यों का जायजा लिया। कुछ कार्य की गति धीमी मिलने पर तीन अधिकारियों का वेतन कार्य पूरा होने तक रोक दिया।
सीडीओ आकांक्षा राना ने बीते दिनों विकास भवन के सभी तलों का निरीक्षण कर अव्यवस्थाओं पर नाराजगी जताई थी। पूरे परिसर को व्यवस्थित करने के लिए अलग अलग अधिकारियों को अलग अलग जिम्मेदारी सौंपी गईं थीं। इसी क्रम में सोमवार को सीडीओ ने परिसर का जायजा लिया। ग्राम्य विकास अभिकरण में रखी निष्प्रयोज्य सामग्री का निस्तारण कराए जाने पर सीडीओ ने संतुष्टि जताई है। अलमारी और फर्नीचर की मरम्मत का कार्य चालू मिला। विकास भवन के प्रथम तल पर गैलरी में रखी अलमारी आदि सामग्री का निस्तारण भी हो गया है, जबकि रंगाई और पुताई का कार्य पूरा पाया गया।
तीसरे तल पर भी कार्य जारी मिला। ग्राम्य विकास अभिकरण के पीछे खाली पड़ी भूमि पर राजकीय ग्रामीण आजीविका मिशन के जरिए परिसर में ही कैंटीन की व्यवस्था को अंतिम रूप दिया जा रहा है। कार्याें की गति धीमी होने पर सीडीओ आकांक्षा राना ने ग्रामीण अभियंत्रण विभाग के अधिशासी अभियंता एसके गुप्ता, ग्राम्य विकास अभिकरण के परियोजना निदेशक राजेंद्र कुमार श्रीवास, मनरेगा उपायुक्त प्रमोद सिंह चंद्रौल का वेतन कार्य पूरा होने तक रोक दिया है। निरीक्षण के दौरान जिला विकास अधिकारी राजेंद्र कुमार भी मौजूद रहे।